सूरजपुर में राष्ट्रीय पुलिस झंडा दिवस पर रस्साकशी प्रतियोगिता, अधिकारियों ने दिखाया दमखम

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में राष्ट्रीय पुलिस झंडा दिवस पर रस्साकशी प्रतियोगिता, अधिकारियों ने दिखाया दमखम


सूरजपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस शहीदों के शौर्य और बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका से आमजन को परिचित कराने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय पुलिस झंडा दिवस मनाया जा रहा है। 21 से 31 अक्टूबर तक आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार को पुलिस लाइन सूरजपुर में रस्साकशी प्रतियोगिता हुई। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल की उपस्थिति में आयोजित प्रतियोगिता में पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में अधिकारियों की दो टीमों ने खेल भावना के साथ भाग लिया। आयोजन के जरिए पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करने के साथ शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय पुलिस झंडा दिवस पुलिस के वीर शहीदों के साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। यह दिवस नई पीढ़ी को पुलिस के योगदान और कर्तव्यों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों और शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस शहीदों की शौर्यगाथाओं और उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को पुलिस के दायित्वों, कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण के बारे में जागरूक किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। खेलकूद गतिविधियां फिटनेस के साथ अनुशासन, सहयोग और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी मदद करती हैं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन व थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story