सूरजपुर में 12 दिसंबर को लगेगी साल की अंतिम नेशनल लोक अदालत, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में 12 दिसंबर को लगेगी साल की अंतिम नेशनल लोक अदालत, तैयारियों को लेकर हुई बैठक


सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। साल की अंतिम नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों और बैंकों से जुड़े राजीनामा योग्य मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा।

लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर ने शुक्रवार काे बैठक आयोजित की, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का ने की। इसमें प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मानवेंद्र सिंह और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव डी.एस. बघेल उपस्थित रहे।

बैठक में विद्युत विभाग, नगरपालिका, दूरसंचार विभाग और विभिन्न बैंकों के प्रमुख एवं प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों की पहचान कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही संबंधित पक्षकारों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लंबित मामलों के निराकरण, सुलह-समझौते के जरिए प्रकरणों का त्वरित समाधान और विभागीय स्तर पर नियमानुसार माफ या कम की जा सकने वाली राशि के संबंध में भी चर्चा हुई। लोक अदालत का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से विवादों का समाधान करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे 12 दिसंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित राजीनामा योग्य मामलों का आपसी सुलह-समझौते से निराकरण कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784169 Articles

Share this story