सूरजपुर में दाे नवंबर को जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर रखेंगे विचार

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। माय भारत सूरजपुर की ओर से 2 नवंबर को जिला स्तरीय युवा संसद चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सूरजपुर में होगी। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत विकसित भारत युवा संसद 2027 के तहत किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान, तार्किक चिंतन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। इसमें प्रतिभागी ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और राष्ट्रीय महत्व के इस मुद्दे पर अपने तर्क रखेंगे।

प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। आयु की गणना के लिए 17 अगस्त 2026 को निर्धारित कट-ऑफ तिथि माना जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। मूल्यांकन विषय की समझ, विचारों की स्पष्टता, संवाद शैली, रचनात्मकता, भाषा के प्रवाह और निर्धारित समय-सीमा के पालन के आधार पर किया जाएगा।

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले युवाओं को दसवीं की अंकसूची और आधार कार्ड साथ लाना होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। माय भारत ने युवाओं से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story