कृषक उन्नति योजना के लिए 31 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन, किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक मिलेगी सहायता

WhatsApp Channel Join Now
कृषक उन्नति योजना के लिए 31 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन, किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक मिलेगी सहायता


सूरजपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 31 अक्टूबर तक पंजीयन कराना होगा। कलेक्टर रेना जमील ने रविवार को जिले के किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। योजना के तहत फसल विविधीकरण अपनाने वाले पात्र किसानों को आदान सहायता दी जाएगी। पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल पर संबंधित सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है।

कलेक्टर ने किसानों से कहा है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपनी संबंधित सहकारी समिति में पहुंचकर पंजीयन करा लें। समय पर प्रक्रिया पूरी होने से पात्र किसानों को योजना के लाभ से वंचित नहीं होना पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ शासन की इस योजना का उद्देश्य किसानों को धान के अलावा दूसरी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले पात्र किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता दी जाएगी। वहीं, धान के बदले दलहन और तिलहन की खेती करने वाले पात्र किसानों के लिए 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता का प्रावधान है।

कलेक्टर रेना जमील ने जिले के किसानों से शासन की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और निर्धारित समय के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story