केदारपुर के मिट्टी बांध से सिंचाई के साथ मछली पालन को मिलेगा बढ़ावा, कलेक्टर ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
केदारपुर के मिट्टी बांध से सिंचाई के साथ मछली पालन को मिलेगा बढ़ावा, कलेक्टर ने दिए निर्देश


सूरजपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीणों की आजीविका बढ़ाने और जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने मिट्टी बांध में मछली पालन शुरू कराने की पहल की है। शनिवार को प्रेमनगर विकासखंड के केदारपुर गांव में कलेक्टर रेना जमील ने विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत निर्मित मिट्टी बांध का निरीक्षण किया।

उन्होंने जल संग्रहण की स्थिति और किसानों को मिल रही सिंचाई सुविधा की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों को अतिरिक्त आय वाली गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मिट्टी बांध में जमा पानी से आसपास के किसानों को गर्मी के मौसम में खेती करने में मदद मिलती है। किसान यहां तरबूज, टमाटर और दूसरी सब्जियों की खेती के लिए पानी का उपयोग करते हैं। वहीं, खरीफ सीजन में भी किसानों ने धान की खेती के लिए बांध में संग्रहित पानी का इस्तेमाल किया है। इससे सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ कृषि गतिविधियों से आमदनी के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

कलेक्टर रेना जमील ने बांध में पानी की उपलब्धता और गर्मी के मौसम में जल संग्रहण की संभावनाओं को देखते हुए यहां मछली पालन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के साथ जल संसाधनों का उपयोग ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने के लिए भी किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय लोगों को खेती के अलावा आय का एक अतिरिक्त साधन मिल सकता है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों को मछली पालन जैसी रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ने और उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story