भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सूरजपुर में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

WhatsApp Channel Join Now
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर सूरजपुर में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण


सूरजपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से शुरू हुआ यह आयोजन आज पूरे देश का उत्सव बन चुका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े ने की। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष, त्याग और देश की आजादी में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैकरा, अनुज राजवाड़े, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त घनश्याम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777480 Articles

Share this story