सूरजपुर में सिंचाई योजनाओं के सात कार्यों के लिए 29.15 करोड़ स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now

जलाशयों और एनीकट के नवीनीकरण से 518 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेगी सिंचाई सुविधा

सूरजपुर, 10 सितंबर (हि.स.)।सूरजपुर जिले में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल संसाधन विभाग ने विभिन्न जलाशय और एनीकट योजनाओं के 7 कार्यों के लिए 29 करोड़ 15 लाख 34 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। कार्य पूरे होने के बाद जिले में कुल 518 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

राज्यस्तर पर जल संसाधन विभाग ने विभिन्न सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए कुल 146 करोड़ 43 लाख 95 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें सूरजपुर जिले के लिए स्वीकृत राशि से सात योजनाओं के नवीनीकरण और निर्माण संबंधी कार्य किए जाएंगे।

कल्याणपुर जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 3 करोड़ 89 लाख 48 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूरा होने पर 86 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। बद्रिकाश्रम जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4 करोड़ 43 लाख 38 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 29 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने की बात कही गई है।

इसी तरह पसला जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4 करोड़ 6 लाख 22 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे 76 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जामडीह जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 3 करोड़ 23 लाख 45 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना पूरी होने पर 61 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचाई सुविधा से जुड़ेगा।

गंगोटी जलाशय योजना के नवीनीकरण के लिए 4 करोड़ 72 लाख 18 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके पूरा होने पर 96 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। डांडकरवां एनीकट योजना के लिए 4 करोड़ 9 लाख 75 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे 70 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने का लक्ष्य है।

मायापुर-2 जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 70 लाख 88 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इन योजनाओं के कार्य पूरे होने से जिले के कृषि क्षेत्र को सिंचाई के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story