गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों की निगरानी पर जोर, स्वास्थ्य केंद्रों व आंगनबाड़ी का नियमित निरीक्षण करेंगे अधिकारी
सूरजपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर में स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर रेना जमील ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, बच्चों के टीकाकरण और पोषण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। साथ ही आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विकासखंडवार गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), संस्थागत प्रसव और नियमित टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाले मामलों की लगातार निगरानी करने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने को कहा।
बच्चों के पोषण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गंभीर कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराने और इन केंद्रों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, कुष्ठ उन्मूलन, मधुमेह, टेलीमेडिसिन और डायलिसिस सेवाओं की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की अनुपस्थिति की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने रिक्त पदों पर भर्ती की प्रगति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही बच्चों के पोषण स्तर की नियमित निगरानी, आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रतिदिन निरीक्षण और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग आमजन के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण से सीधे जुड़े हैं। इसलिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवाओं का सुचारू संचालन संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा। बैठक में सीजीएमएससी के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

