सूरजपुर की 28 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची तैयार, दावा-आपत्ति 30 अक्टूबर तक

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)।सूरजपुर जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली 28 ग्राम पंचायतों की वार्डवार निर्वाचक नामावली तैयार कर ली गई है। आज शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची का संबंधित ग्राम पंचायतों में निःशुल्क निरीक्षण किया जा सकता है। सूची में नाम जुड़वाने या दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन के लिए 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) ने शुक्रवार काे बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली एक अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई है। सूरजपुर जनपद पंचायत की पीढ़ा, रुनियाडीह, सोहागपुर, कुरुवां, बलरामपुर, शिवसागरपुर, पार्वतीपुर और रविन्द्रनगर ग्राम पंचायतों की सूची तैयार है।

इसी तरह भैयाथान जनपद पंचायत की दुग्गा, केनापारा और राजकिशोरनगर; रामानुजनगर जनपद पंचायत की भरूहामुड़ा, उमेशपुर, लेडुवा और मोहनपुर; प्रतापपुर जनपद पंचायत की गोंदा, पड़िपा, नवाडीह, मदननगर और माड़ीड़ांड तथा ओड़गी जनपद पंचायत की अवंतिकापुर, विशालपुर, कुप्पा, कुप्पी, उमझर और धरसेड़ी ग्राम पंचायतों की वार्डवार मतदाता सूची भी उपलब्ध है।

निर्वाचक नामावली में किसी पात्र व्यक्ति का नाम शामिल कराने, किसी प्रविष्टि में संशोधन कराने या किसी नाम को शामिल किए जाने के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राधिकृत कर्मचारी या अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो ग्राम पंचायत भवन में आवेदन प्राप्त करेंगे। निर्धारित समय के बाद प्राप्त दावे और आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, जिन पात्र व्यक्तियों के नाम संबंधित विधानसभा की निर्वाचक नामावली में दर्ज हैं, वे ग्राम पंचायत की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र क-1 में 11 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष कार्यालयीन समय में प्रस्तुत करना होगा। प्रशासन ने नागरिकों से मतदाता सूची का निरीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक आवेदन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story