रामानुजनगर में सात दिवसीय नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू, दूसरे दिन 547 मरीजों की जांच और उपचार

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजनगर में सात दिवसीय नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू, दूसरे दिन 547 मरीजों की जांच और उपचार


सूरजपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। रामानुजनगर विकासखंड के सभी गांवों में मोतियाबिंद और अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराने के लिए सात दिवसीय विशेष नेत्र सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच कर रही हैं।

15 नवंबर तक किए गए सर्वेक्षण में चिन्हित नेत्र रोगियों की 16 से 21 नवंबर तक नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा स्क्रीनिंग और विस्तृत जांच की जा रही है। इस दौरान मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी बीमारियों की पहचान कर मरीजों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है।

ऑपरेशन योग्य मोतियाबिंद मरीजों को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में निःशुल्क ऑपरेशन और कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा दी जा रही है। वहीं, गंभीर और जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जा रहा है।

अभियान की निगरानी और शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सहायक नोडल अधिकारी मुकेश राजवाड़े और संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान पर्यवेक्षक अमित चौरसिया के नेतृत्व में जिला टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। अभियान के दूसरे दिन टीम ने पंचायत भवन लेडुवा, पंचायत भवन सुमेरपुर, टेलाईमुड़ा, गोविंदपुर, तेजपुर, कृष्णपुर, उप स्वास्थ्य केंद्र पोंड़ी, कमलपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवनगर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान देवनगर सेक्टर में 547 नेत्र रोगियों की जांच और उपचार किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, जांच की व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। टीम ने संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय पर शिविर स्थलों में उपस्थित रहकर जांच कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नेत्र रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आंखों की बीमारी के कारण इलाज से वंचित न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story