एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां, कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण में मिली खामियां, कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट


सूरजपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड में निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर रेना जमील ने नाराजगी जताई है। शनिवार को निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कमियों में सुधार करने और जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर प्रयोगशाला, रसोईघर, शौचालय और अन्य कक्षों की स्थिति देखी। उन्होंने पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के निराकरण की जानकारी भी ली। निर्माण कार्य की फिनिशिंग और गुणवत्ता में आवश्यक सुधार नहीं मिलने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने को कहा।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यालय का निर्माण बच्चों के भविष्य से जुड़ा है और इसकी गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि 420 सीटर एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। विद्यालय शुरू होने से दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आवास सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, प्रतापपुर के अनुविभागीय अधिकारी रमेश मोर सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story