जिला जेल सूरजपुर में मनाया गया राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस

WhatsApp Channel Join Now
जिला जेल सूरजपुर में मनाया गया राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस


सूरजपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला जेल सूरजपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के साथ सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत भी की गई।

कार्यक्रम में डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सूरजपुर राजेंद्र प्रसाद पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता और पैरालीगल वॉलंटियर सत्य नारायण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा जारी थीम सॉन्ग ‘एक मुट्ठी आसमान’ के प्रसारण के साथ हुई। इस अवसर पर जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य वक्ता राजेंद्र प्रसाद पाठक ने अपने संबोधन में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के गठन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 39-क राज्य को समाज के कमजोर वर्गों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश देता है, ताकि आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने के अवसर से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि संसद ने वर्ष 1987 में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम पारित किया था, जो 9 नवंबर 1995 को प्रभावी रूप से लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना और गरीब, असहाय, जरूरतमंद तथा कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक सलाह के बारे में बताया गया। इसके साथ ही लोक अदालत की उपयोगिता, एफआईआर दर्ज होने से लेकर न्यायालयीन प्रक्रिया तक पुलिस की भूमिका तथा जेल में निरुद्ध बंदियों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता ने बंदियों को उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

यह कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला जेल के वरिष्ठ कर्मचारी और पैरालीगल वॉलंटियर उमेश कुमार रजवाड़े सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story