सूरजपुर में धान खरीद के लिए टोकन जारी होना शुरू, पहले दिन 64 किसानों को मिला टोकन
सूरजपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत 15 नवंबर से होगी। इसे लेकर सूरजपुर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए 10 नवंबर से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले दिन जिले के 64 किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी किया गया। इस वर्ष जिले में कुल 68,531 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है।
टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों को निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज लाने की सुविधा मिलेगी। इससे केंद्रों में एक साथ अधिक मात्रा में धान पहुंचने और अनावश्यक भीड़ की स्थिति से बचा जा सकेगा। प्रशासन का प्रयास है कि खरीद प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही सभी केंद्रों में व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को आसानी से अपनी उपज बेचने का अवसर मिले।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में संबंधित विभागों और समितियों द्वारा जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां की जा रही हैं। धान की आवक, तौल, भंडारण और परिवहन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही किसानों की सुविधा के लिए छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खरीद केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा बारदाने की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित खरीदी से जुड़े आवश्यक उपकरणों की जांच की जा रही है। उपार्जित धान को सुरक्षित रखने के लिए चबूतरों, कैप कवर और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
कलेक्टर रेना जमील ने धान खरीद प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों के पंजीयन, टोकन जारी करने और धान खरीद से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने को कहा है। साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और खरीद के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद को लेकर प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए सहज और सुविधाजनक वातावरण मिले। इसके लिए खरीद केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

