चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सतर्क रहें अधिकारी : कलेक्टर रेना जमील

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवाती तूफान के मद्देनजर सतर्क रहें अधिकारी : कलेक्टर रेना जमील


हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर जोर, कलेक्टर ने दिए निर्देश

सूरजपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से संभावित बारिश और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी के साथ जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। आज सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने राज्योत्सव की तैयारियों, धान खरीदी, शिक्षा, स्वास्थ्य और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

संभावित भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जलाशयों और बांधों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखने को कहा। जिला और अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम एवं राहत केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक दवाइयां और राहत-बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

आगामी राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और जिला, तहसील एवं जनपद स्तर के शासकीय भवनों में रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और आवेदकों से सकारात्मक फीडबैक प्राप्त करने पर भी जोर दिया। उन्होंने जनदर्शन में मिले आवेदनों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने तथा लंबित जनशिकायतों को अगली समय-सीमा बैठक से पहले निपटाने के निर्देश दिए। समय-सीमा के अन्य लंबित प्रकरणों में भी शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षाओं को देखते हुए आगामी तीन महीने तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अनावश्यक अवकाश नहीं लेने को कहा। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली और शिक्षा विभाग के कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की जानकारी ली। उन्होंने टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले हर सप्ताह की उपलब्धि प्रस्तुत करने और राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। सुरक्षित मातृत्व पर जोर देते हुए उन्होंने आगामी महीने में संभावित प्रसव वाली महिलाओं, विशेषकर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने तथा सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। सभी ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश भी दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने को कहा। वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों के तहत किसान पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता और सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह तोमर, राम सिंह ठाकुर, प्रशांत कुशवाहा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story