सूरजपुर में कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर
सूरजपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर में सोमवार को कलेक्टर रेना जमील ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएमओ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए टेलीमेडिसिन, एनसीडी स्क्रीनिंग, डायबिटीज उपचार और फॉलोअप के साथ सर्वाइकल कैंसर एवं ओरल कैंसर की जांच, उपचार और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में शिविर लगाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए। वय वंदन कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को मैदानी निरीक्षण करने को कहा। इसके अलावा एचपीवी टीकाकरण, नियमित टीकाकरण और टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रगति लाने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) के मामलों का संवेदनशीलता से निराकरण करने पर जोर दिया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने, पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने और परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। विद्यार्थियों का नियमित अंतराल पर टेस्ट लेने और उनकी प्रगति की मैदानी स्तर पर निगरानी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को दिए। सभी एसडीएम को भी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा गया। इसके साथ ही स्कूल भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और सूरजपुर के परीक्षा साथी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर नोट्स एवं वीडियो लेक्चर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन एनजीओ के सहयोग से पंचायत स्तर पर संचालित सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। कार्यक्रम के तहत बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी चाइल्ड राइट एसोसिएट गौरव नंदी ने दी। उन्होंने बताया कि इस पहल में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं जल संसाधन, कौशल विकास, क्षमता निर्माण और बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर काम किया जा रहा है।
कलेक्टर ने मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति की समीक्षा करते हुए हाथियों की नियमित और प्रभावी निगरानी करने तथा जनसुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में पुलों की स्थिति, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, आवागमन की सुविधाओं और निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा कराने को कहा।
इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। धान खरीद शुरू होने के बाद उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

