शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दें: कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दें: कलेक्टर


सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आज शुक्रवार को कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में माइनिंग क्लोजर एवं सीएसआर मद की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सीएसआर मद से संचालित और लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की जानकारी लेते हुए लंबित प्रस्तावों की स्वीकृति और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के समग्र विकास और खनन प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए एसईसीएल के सीएसआर मद का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। इसके लिए जनहित से जुड़े कार्यों की प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप लोगों को विकास कार्यों का लाभ मिल सके।

माइनिंग क्लोजर की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आगामी तीन दिनों के भीतर रिक्लेमेशन प्लान प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने खनन कार्य पूरा होने के बाद पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय तथा भूमि पुनर्स्थापन से जुड़े कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही माइनिंग क्लोजर प्लान के तहत प्रस्तावित कार्यों का एजेंडा और लंबित प्रकरणों पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने और प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा, माइनिंग ऑफिसर भूषण पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story