छठ पूजा की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, घाटों पर गोताखोरों और पुलिस बल की होगी तैनाती

WhatsApp Channel Join Now
छठ पूजा की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, घाटों पर गोताखोरों और पुलिस बल की होगी तैनाती


सूरजपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रेना जमील ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रेण नदी स्थित छठ घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों से चर्चा कर आयोजन की तैयारियों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने घाटों और पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर सैनिकों और पुलिस बल की तैनाती करने को कहा। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग करने, सुचारु यातायात के लिए आवागमन के रास्ते निर्धारित करने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

घाटों पर बिजली, साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य टीम की तैनाती और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। जलाशय में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोताखोरों की तैनाती करने और श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए आवश्यक इंतजाम करने को भी कहा गया।

कलेक्टर ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन को सहज, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद सूरजपुर के उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल, एसडीएम प्रशांत कुशवाहा, नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और छठ पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story