भैयाथान में 5.50 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी, 5.43 करोड़ रुपये होंगे खर्च

WhatsApp Channel Join Now
भैयाथान में 5.50 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी, 5.43 करोड़ रुपये होंगे खर्च


सूरजपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड में तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। आज बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, राज्य शासन ने इस निर्माण कार्य के लिए 543.67 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से इस सड़क को मंजूरी मिली है।

यह निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है। लोक निर्माण विभाग के आदेश के अनुसार, आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वीकृति जारी की गई है। अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत निविदा की कार्रवाई प्रमुख अभियंता कार्यालय के निविदा प्रकोष्ठ के माध्यम से की जाएगी।

स्वीकृति आदेश में निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वीकृत राशि की सीमा में ही खर्च करने और निर्माण के दौरान मितव्ययिता बरतने पर जोर दिया गया है। कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सड़क बनने से तेलगांव मुख्य मार्ग, बरपारा और बुंदिया चौक के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे आसपास के ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में आवाजाही पहले की तुलना में सुगम हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story