बकिरमा धान खरीद केंद्र में 100 क्विंटल पुराना और अमानक धान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
बकिरमा धान खरीद केंद्र में 100 क्विंटल पुराना और अमानक धान जब्त


सूरजपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में धान खरीद के दौरान अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी खरीद केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील अग्रवाल ने आज बुधवार को धान खरीद केंद्र बकिरमा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 100 क्विंटल पुराना और अमानक धान जब्त किया गया।

निरीक्षण के दौरान नवापारा निवासी कृषक गोविंद बरगाह द्वारा बिक्री के लिए लाया गया धान शासन के निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच में धान पुराना और अमानक होने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की। आशंका जताई गई कि पुराने धान को नए धान के रूप में खपाने का प्रयास किया जा रहा था।

कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीद में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और गुणवत्ता की जांच के बाद ही उपज की खरीद की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अमानक धान की खरीद नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि वास्तविक किसानों को शासन की व्यवस्था का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story