सूरजपुर में ‘अपना हेल्प क्यूआर’ से घायल महिला को मिली मदद, डायल 112 ने अस्पताल पहुंचाया

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटना में घायल एक बेसहारा महिला के लिए सूरजपुर जिला प्रशासन की ‘अपना हेल्प क्यूआर’ पहल मददगार साबित हुई। ग्राम अनरोखा में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुई करीब 57 वर्षीय सोमारी को स्थानीय नागरिकों ने क्यूआर कोड स्कैन कर आपातकालीन सहायता दिलाई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। घटना के तत्काल बाद स्थानीय लोगों ने ‘अपना हेल्प क्यूआर’ स्कैन कर सहायता के लिए सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद महिला को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय सूरजपुर ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। आपातकालीन स्थिति में क्यूआर कोड के माध्यम से मिली सूचना से महिला को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिली।

जिला प्रशासन के सहयोग और समन्वय से संचालित ‘अपना हेल्प क्यूआर’ पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाना है। इस घटना में क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद पुलिस की आपातकालीन सेवा और एम्बुलेंस के जरिए घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story