अपना हेल्प क्यूआर से तीन मिनट में पहुंची एम्बुलेंस, सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को मिला निःशुल्क इलाज

WhatsApp Channel Join Now
अपना हेल्प क्यूआर से तीन मिनट में पहुंची एम्बुलेंस, सड़क हादसे में घायल तीन लोगों को मिला निःशुल्क इलाज


बलरामपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित अपना हेल्प क्यूआर पहल मददगार साबित हुई। हाल ही में महगांव निवासी रामेश्वर, उनकी दादी सुधनी बाई और उनके साथ यात्रा कर रहा एक बच्चा सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। सूचना मिलते ही महज तीन मिनट में एम्बुलेंस सहायता पहुंची। तीनों को सूरजपुर के बीएल मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराकर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामेश्वर अपनी दादी और एक बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान दुर्घटनावश तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद तुलश्वर राजवाड़े ने मदद के लिए आगे आते हुए मोटरसाइकिल पर लगे अपना हेल्प क्यूआर कोड को स्कैन किया। इससे आपातकालीन सहायता प्रक्रिया सक्रिय हुई और तीन मिनट के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध हो गई।

जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित इस पहल में तकनीक के साथ नागरिक की तत्परता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर सूचना मिलने और बेहतर समन्वय से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सका, जहां उन्हें निःशुल्क इलाज मिला।

अपना हेल्प क्यूआर सुविधा के उपयोग के लिए किसी अतिरिक्त मोबाइल एप्लीकेशन की आवश्यकता नहीं होती। दुर्घटना या आपात स्थिति में वाहन पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर सहायता प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस सुविधा के उपयोग को प्रोत्साहित कर रहा है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आएं और उपलब्ध आपातकालीन सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story