सूरजपुर में 60 केंद्रों पर होगी धान खरीद, छह नए केंद्र खुलने से 2813 किसानों को मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सूरजपुर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने जा रही है। इस वर्ष जिले के कुल 60 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा और उपज बेचने के लिए दूरी कम करने के उद्देश्य से जिले में छह नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के खुलने से 2813 किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।

नए उपार्जन केंद्रों में तिवारागुड़ी, रामतीर्थ, बड़सरा, बुंदिया, जजावल और दुलदुली शामिल हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और परिवहन खर्च की बचत होगी।

नए केंद्र शुरू होने से पहले से संचालित उपार्जन केंद्रों पर भी किसानों का दबाव कम होगा। इससे धान खरीद की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को इसका फायदा मिलेगा।

जिले में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। शासन की ओर से किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उपार्जन केंद्रों का विस्तार किया गया है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story