सूरजपुर में 30 पशु सखियों का प्रशिक्षण शुरू, ग्रामीण महिलाओं के लिए खुलेंगे स्वरोजगार के अवसर

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर में 30 पशु सखियों का प्रशिक्षण शुरू, ग्रामीण महिलाओं के लिए खुलेंगे स्वरोजगार के अवसर


सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पशुपालन के क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 30 पशु सखियों के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

आज शुक्रवार को जनपद पंचायत सूरजपुर स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण किट भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में कलेक्टर ने पशु सखियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। इसके साथ ही वे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं की देखभाल और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में पशुपालकों की मदद कर सकेंगी। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और यहां प्राप्त जानकारी का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सहायता देने के लिए करने के लिए प्रेरित किया।

15 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल, प्राथमिक उपचार और पशुपालन से जुड़ी आवश्यक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पशु सखियां ग्रामीण पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद करेंगी। इससे पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण परिवारों की आजीविका मजबूत करने में भी सहयोग मिलने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन की यह पहल महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक, आरसेटी के कर्मचारी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story