सरगुजा: जिले में अब तक 16.82 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीद
अंबिकापुर, 03 जनवरी (हि.स.)। सरगजा जिले में चल रहे धान खरीद अभियान को डिजिटल प्रणाली, पारदर्शी प्रक्रियाओं और प्रशासनिक निगरानी के कारण नई गति मिली है। छत्तीसगढ़ शासन की निर्देशानुसार किसानों को त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराते हुए अब तक जिले में 16,82,027.20 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं खरीदे गए धान में से 1,97,270 क्विंटल धान का उठाव कर लिया गया है।
धान खरीद अभियान के तहत सरगुजा जिले में कुल 60,329 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 28,870 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर शासन की योजना का लाभ प्राप्त किया है। उपार्जन केंद्रों में डिजिटल टोकन आधारित व्यवस्था से भीड़ प्रबंधन बेहतर हुआ है और किसानों को तय समय पर धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
धान खरीद के साथ-साथ रकबा समर्पण की प्रक्रिया भी नियमानुसार संचालित की जा रही है। जिले में 7,178 किसानों द्वारा स्वेच्छा से रकबा समर्पण किया गया है, जिसमें कुल 387.45 हेक्टेयर रकबा शामिल है। यह प्रक्रिया पारदर्शिता और नियमन के प्रति किसानों की जागरूकता को दर्शाती है।
धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, नमी परीक्षण, गेट पास तथा समय पर बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी के साथ समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं जारी टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में पहुंचें और शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

