बलरामपुर : समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीद से किसानों को बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीद से किसानों को बड़ी राहत


-झलपी के किसान शिव कुमार बोले—“मेहनत का पूरा दाम मिल रहा

बलरामपुर, 7 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धान खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और बिना किसी बाधा के जारी है। बलरामपुर जिले में भी किसानों से सुचारू रूप से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था बेहतर होने से किसान संतोष जता रहे हैं।

बलरामपुर विकासखंड के झलपी ग्राम पंचायत के किसान शिव कुमार इस वर्ष धान बेचने पहुंचे। उन्होंने बताया कि टोकन कटाने से लेकर धान बेचने तक की पूरी प्रक्रिया बेहद आसान और व्यवस्थित रही। केंद्र पर पहुंचते ही कर्मचारियों द्वारा तुरंत तुलाई कर उनका 102 बोरी धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया।

शिव कुमार ने बताया कि इस वर्ष वे लगभग 330 बोरी धान बेचने वाले हैं, जिससे उन्हें अच्छी आर्थिक आय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होने से मेहनत का पूरा दाम मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष मिलने वाली राशि से वे अपने बच्चों के विवाह का खर्च आसानी से पूरा कर सकेंगे।

शिव कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों को सीधा आर्थिक लाभ देने वाला कदम है, जिससे उनकी मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित होता है।

खरीद केंद्रों में शासन के निर्देशानुसार वजन-मापक, बारदाना, गुणवत्ता परीक्षण, स्टॉक प्रबंधन और टोकन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। जिला प्रशासन भी प्रत्येक खरीदी केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि किसी भी किसान को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस वर्ष की धान खरीद व्यवस्था ने शिव कुमार जैसे सैकड़ों किसानों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का दरवाज़ा खोला है। बेहतर खरीदी प्रणाली किसानों को न सिर्फ स्थिर आय दे रही है, बल्कि उनके भविष्य के सपनों को पूरा करने की उम्मीद भी जगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story