डीएसपीएम ताप विद्युत गृह से वरिष्ठ पर्यवेक्षक सिया राम सिंह सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई
कोरबा, 31 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व में कार्यरत वरिष्ठ पर्यवेक्षक सिया राम सिंह जुलाई 2026 में अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सम्मानजनक विदाई के लिए आज संयंत्र के प्रशासनिक भवन में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कारखाना प्रबंधक एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता (ओ. एंड एम.) सुनील सरना ने की। वहीं अतिरिक्त मुख्य अभियंता (टीएसएस) राजेश्वरी रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में सिया राम सिंह को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र और स्मृति स्वरूप कलाई घड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सुनील सरना ने कहा कि सिया राम सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में सभी दायित्वों का ईमानदारी, लगन और अनुशासन के साथ निर्वहन किया। उनका कार्य अनुभव, समर्पण और व्यवहार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह का संचालन अधीक्षण अभियंता (एम.पी.) पन्ना लाल साहू ने किया तथा उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारी के सेवाकाल का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता (मानव संसाधन) देवी शंकर राय ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ कल्याण अधिकारी अजीत तिर्की सहित कल्याण विभाग के भगवती तंवर, महिपाल कैवर्त, फुलबाई कंवर और राजकुमार केंवट का विशेष सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

