‘संडे ऑन साइकिल’ में धमतरी पुलिस ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
‘संडे ऑन साइकिल’ में धमतरी पुलिस ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


धमतरी।, 07 जून (हि.स.)।

फिट इंडिया मूवमेंट एवं खेलो इंडिया योजना के तहत रविवार को धमतरी पुलिस द्वारा आयोजित “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता, इंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिला।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य साइकिल रैली में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों सहित लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 7 बजे पुलिस लाइन रूद्री से शुरू हुई रैली गंगरेल तक पहुंची और वहां से वापस पुलिस लाइन रूद्री में संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, खेलकूद और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश आमजन तक पहुंचाया। साथ ही साइकिल के अधिकाधिक उपयोग के माध्यम से इंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि स्वास्थ्य व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित व्यायाम, खेलकूद और साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को ऊर्जावान, अनुशासित और सकारात्मक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग स्वस्थ समाज के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक प्रभावी कदम है। वर्तमान समय में इंधन बचत को लेकर देशभर में जागरूकता बढ़ाई जा रही है और यह साइकिल रैली उसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, जिले के थाना प्रभारी, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता एक बेहतर समाज की आधारशिला हैं। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी जनहित, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story