जापान से लौटीं सुनैना और समीक्षा, कलेक्टर ने किया अभिनंदन
धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)।धमतरी जिले की दो होनहार छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाते हुए पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत जापान के वैज्ञानिक भ्रमण से लौटने पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सुनैना साहू और समीक्षा साहू का सम्मान कर उनकी उपलब्धि को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया। दोनों छात्राओं ने अपनी मेहनत, नवाचार और वैज्ञानिक सोच के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे धमतरी शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान बना रहा है।
इस वर्ष इंस्पायर मानक स्कीम के अंतर्गत सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम, जापान के लिए देशभर से केवल 56 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। इनमें छत्तीसगढ़ की पांच छात्राओं को स्थान मिला, जबकि सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि धमतरी जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल कोसमर्रा की दो छात्राओं ने इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई।
समीक्षा साहू ने शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की शिक्षिका कविता सिन्हा के मार्गदर्शन में यह सफलता अर्जित की, जबकि सुनैना साहू ने शासकीय माध्यमिक शाला देवरी के शिक्षक लक्ष्मीकांत साहू के निर्देशन में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की सभी चुनौतियों को पार कर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई।
जापान प्रवास के दौरान दोनों छात्राओं ने वहां की अत्याधुनिक वैज्ञानिक तकनीक, अनुशासित सामाजिक व्यवस्था और समृद्ध संस्कृति का निकट से अध्ययन किया। उन्होंने टोक्यो यूनिवर्सिटी के स्कूल आफ इकोनामिक्स, जापान की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी जैक्सा (स्पेस डोम), दुनिया के सबसे ऊंचे टीवी टावरों में शामिल टोक्यो स्काईट्री, मकुहारी हाई स्कूल तथा ऐतिहासिक आसाकुसा मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों और स्थलों का भ्रमण कर विज्ञान एवं नवाचार के विभिन्न आयामों को समझा।जापान से सकुशल लौटने पर दोनों छात्राओं का जिले में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भ्रमण दल के सहयोगी शिक्षक अनिल साहू और प्रीति शांडिल्य के योगदान की भी सराहना की गई। कलेक्टर कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, डीपीओ खेमेंन्द्र साहू, सहायक संचालक देवेश सूर्यवंशी, यदुनंदन वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य डोमन लाल साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खोमेश्वर राव वाकडे, निखिल साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

