सूरजपुर : पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय जयनगर में 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय जयनगर में 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन


सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में 1 जून से संचालित 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य ने की। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना था।

15 दिवसीय इस शिविर के दौरान शिक्षकों ने गर्म मौसम की परवाह किए बिना प्रतिदिन विद्यार्थियों को खेलकूद, योग, चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत, कंप्यूटर शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य पुष्पा राय, पूर्व प्राचार्य वीरेंद्र जायसवाल एवं अन्य शिक्षकों द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह समर कैंप शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की सीखने की ललक का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अमृता सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षकगण एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story