सुदूर ग्राम अरलमपल्ली पहुंची सुकमा पुलिस, ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
सुदूर ग्राम अरलमपल्ली पहुंची सुकमा पुलिस, ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं


सुकमा, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले की पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आमजन तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘निवा दुवड़ ते’ (पुलिस तुम्हारे द्वार पर) अभियान के तहत सुकमा पुलिस की टीम गुरुवार काे थाना पोलमपल्ली क्षेत्र के सुदूर एवं पूर्व में घोर नक्सल प्रभावित रहे ग्राम अरलमपल्ली पहुंची।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं क्षेत्र की परिस्थितियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गांव में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद तेजी से हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की तथा पुल-पुलिया एवं आवागमन सहित अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। एसपी मयंक गुर्जर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सुकमा पुलिस आम जनता की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर ग्रामीण बेझिझक पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सुकमा पुलिस द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को उपयोगी सामग्री वितरित की गई। बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल एवं स्कूल बैग वितरित किए गए तथा बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं को साड़ी एवं चप्पल वितरित की गईं तथा ग्रामीणों के बीच मिठाई का भी वितरण किया गया। क्षेत्र के युवाओं को खेल सामग्री प्रदान कर उन्हें खेल गतिविधियों से जुड़ने एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में एक्सिस बैंक के कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, थाना पोलमपल्ली प्रभारी मुकेश यादव सहित सुकमा पुलिस की टीम मौजूद रही। ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। ग्राम अरलमपल्ली जैसे दुर्गम क्षेत्र में भारी बारिश के बीच नदी पार कर पुलिस अधिकारियों का ग्रामीणों के बीच पहुंचना ‘निवा दुवड़ ते’ अभियान के तहत पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सुकमा पुलिस का प्रयास है कि दूरस्थ से दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक नागरिक तक पुलिस की पहुंच हो, उनकी समस्याएं सुनी जाएं और सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद स्थापित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story