सुकमा : जनजातीय गौरव सप्ताह, बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी गौरव सप्ताह

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा : जनजातीय गौरव सप्ताह, बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 18 नवंबर तक भाजपा मनाएगी गौरव सप्ताह


14 से 18 नवंबर तक जिलेभर में होंगे विभिन्न आयोजन

कांग्रेस पर आदिवासी महापुरुषों की उपेक्षा का आरोप, भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

सुकमा, 12 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को अटल सदन भाजपा जिला कार्यालय सुकमा में आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने कहा कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों और जमींदारों के शोषण के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' का नारा देकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में आदिवासी महापुरुषों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, जबकि भाजपा सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, तिलका मांझी, सिधो-कान्हू और गोविंद गुरु जैसे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को भी याद किया।

धनीराम बारसे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया तथा छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों का गठन किया। वहीं मोदी सरकार में जनजातीय समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति बनीं। उन्होंने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के आवास, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विस्तार, वन उपज के समर्थन मूल्य और वन धन केंद्रों को भी उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं का विस्तार जनजातीय अंचलों के विकास के लिए जरूरी है। भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत 2047 में जनजातीय समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने बताया कि 14 नवंबर को सभी मंडलों में जनजातीय वीरों की प्रतिमाओं एवं स्मारक स्थलों की साफ-सफाई, माल्यार्पण और दीपोत्सव होगा। 15 नवंबर को जिला मुख्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम, मंडलों में संगोष्ठी और जनजातीय विभूतियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं 16 से 18 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर युवा संवाद, छात्रावास संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा और चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले के जनजातीय समाज, युवाओं और कार्यकर्ताओं से 15 नवंबर को अपने-अपने गांवों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने की अपील की।

पत्रकारवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुण सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री विश्वराज सिंह एवं बलिराम नायक, जिला उपाध्यक्ष नूपुर वैदिक, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत बारठ, जिला प्रवक्ता रमेश यादव, जनजातीय मोर्चा जिला अध्यक्ष नक्का आनंद कुमार, इशरईल खान, राजकुमार कश्यप, हरिराम यादव, प्रवीण बारसे, रमेश कर्मा, पोदिया सोढ़ी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story