बलरामपुर : सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण


बलरामपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। आज बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अधिकारियों ने घर-घर सर्वे कर योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अभियान की कार्ययोजना, सर्वेक्षण प्रक्रिया और विभागीय जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत 17 विभागों की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए घर-घर सर्वे किया जाएगा। सर्वे के माध्यम से योजनाओं से वंचित लोगों की पहचान कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मास्टर ट्रेनरों से कहा कि वे विकासखंड स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दें, ताकि ग्राम स्तर पर सर्वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो सके। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर सर्वेक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और वास्तविक आंकड़ों के आधार पर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में सर्वे प्रपत्र भरने, डेटा सत्यापन, पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने और विभागवार योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि अभियान की सफलता सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर निर्भर है और प्रशिक्षण के दौरान सर्वे प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया जाए।

प्रशासन के अनुसार, अभियान के तहत 1 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रशिक्षण, ग्राम स्तरीय सर्वे, हितग्राही सत्यापन और विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story