बलरामपुर : सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के लिए जिला एवं विकासखंड स्तरीय समितियों का गठन

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहीमूलक योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय समितियों का गठन किया है। इस अभियान के तहत जिले में 31 जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों का बेसलाइन सर्वेक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा।

जिला स्तरीय समिति की अध्यक्षता कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी करेंगी, जबकि जिला पंचायत सीईओ को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, उप संचालक कृषि, कार्यपालन अभियंता (विद्युत), क्रेडा, ऊर्जा विभाग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य अधिकारी, प्रभारी राजस्व अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग विभाग, नगरीय प्रशासन, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक, समाज कल्याण, जिला रोजगार अधिकारी, खेल अधिकारी, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, श्रम अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सहकारी विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी सदस्य रहेंगे।

इसी प्रकार विकासखंड स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है, जिसमें संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अध्यक्ष तथा जनपद पंचायत सीईओ को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं खाद्य विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे।

अभियान के तहत 1 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय समिति एवं मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 से 5 जुलाई तक जनपद स्तर पर सर्वेक्षण दलों का गठन एवं प्रशिक्षण होगा।

6 से 9 जुलाई तक मास्टर ट्रेनरों द्वारा सर्वेक्षण दलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 10 से 31 जुलाई तक ग्राम पंचायत स्तर पर 31 योजनाओं का बेसलाइन सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के पश्चात 1 से 10 अगस्त तक डेटा प्रविष्टि एवं गैप विश्लेषण किया जाएगा तथा 11 अगस्त 2026 तक सर्वेक्षण रिपोर्ट की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी जिला कार्यालय में जमा करनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story