बलरामपुर : कुसमी में 'सुघ्घर छत्तीसगढ़' अभियान पर प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण सर्वे पर दिया गया जोर
बलरामपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कुसमी जनपद पंचायत में शुक्रवार काे एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को बेसलाइन सर्वे, डेटा संकलन और शासन की योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत कुसमी के सभाकक्ष में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अभियान के तहत होने वाले बेसलाइन सर्वे को अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना था।
कार्यशाला में बताया गया कि सही और त्रुटिरहित बेसलाइन सर्वे ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आधार है। सर्वे के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, पात्र लोगों की पहचान और उनकी आवश्यकताओं का सही आकलन किया जाएगा, जिससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षकों ने सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक जानकारी का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने, सही आंकड़े दर्ज करने तथा तकनीकी त्रुटियों से बचने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय और पारदर्शी डेटा ही विकास योजनाओं की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संजय दुबे ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सर्वेक्षण से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक विषयों पर अपने सवाल भी रखे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। कार्यशाला के माध्यम से अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

