पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा में संकुलस्तरीय योग प्रतियोगिता का समापन
126 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग, 30 छात्र-छात्राओं का क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
कोरबा, 26 जुलाई (हि. स.)। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा, जिला कोरबा में आयोजित बिलासपुर संकुलस्तरीय योग प्रतियोगिता का रविवार काे समापन हुआ। प्रतियोगिता में बिलासपुर संकुल के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय बिलासपुर से 18, सूरजपुर से 15, सक्ती से 13, बलौदा बाजार से 5, सरगुजा से 10, मुंगेली से 5, कबीरधाम से 16, बेमेतरा से 12, कोरिया से 15 तथा कोरबा से 17 छात्र-छात्राओं सहित कुल 126 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 30 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन क्षेत्रीयस्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थी 27, 28 एवं 29 जुलाई को ओडिशा के जवाहर नवोदय विद्यालय, नयागढ़ में आयोजित क्षेत्रीय स्तरीय योग प्रतियोगिता में बिलासपुर संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य जानकी प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों, एस्कॉर्ट शिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की खेलकूद शिक्षिका अंजलि चौरसिया एवं दीपांकर कोल ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना तथा खेल भावना का विकास करना था।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

