अडानी कोरबा पावर प्लांट पहुंचे सिमगा स्कूल के विद्यार्थी ने जानी उड़ान प्रोजेक्ट के तहत बिजली उत्पादन की तकनीक

WhatsApp Channel Join Now
अडानी कोरबा पावर प्लांट पहुंचे सिमगा स्कूल के विद्यार्थी ने जानी उड़ान प्रोजेक्ट के तहत बिजली उत्पादन की तकनीक


कोरबा, 26 अक्टूबर (हि. स.)।कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को अडानी कोरबा पावर प्लांट, पताड़ी उरगा का शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण किया।

अडानी फाउंडेशन के उड़ान प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस एक दिवसीय भ्रमण में विद्यार्थियों को बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीक, संयंत्र की कार्यप्रणाली और औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला।

विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों में विज्ञान, तकनीक और औद्योगिक शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना था। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने कक्षा की चारदीवारी और किताबों से बाहर निकलकर विज्ञान के सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप में समझा।

विद्यार्थियों ने पावर प्लांट में स्थापित विशाल मशीनों, पाइपलाइन, कंट्रोल रूम और अत्याधुनिक कोल हैंडलिंग प्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि कोयले से बिजली उत्पादन की प्रक्रिया किस प्रकार संचालित होती है और आधुनिक तकनीक की सहायता से विद्युत उत्पादन को कैसे नियंत्रित किया जाता है।

अडानी पावर प्लांट के उड़ान प्रोजेक्ट के भ्रमण प्रभारी अधिकारी प्रेम शंकर साहू ने विद्यार्थियों को बिजली उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संयंत्र में उपयोग होने वाली तकनीक और मशीनों की कार्यप्रणाली को सरल तरीके से समझाया।

औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संयंत्र परिसर में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, टीमवर्क और अनुशासन के महत्व से भी परिचित कराया गया। बच्चों ने जाना कि किसी बड़े औद्योगिक संस्थान के सफल संचालन में तकनीकी दक्षता के साथ सुरक्षा नियमों का पालन और सामूहिक प्रयास कितना आवश्यक होता है।

प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इससे बच्चों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और भविष्य में ऊर्जा, इंजीनियरिंग एवं अन्य तकनीकी क्षेत्रों में करियर बनाने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने इस पहल के लिए अडानी फाउंडेशन और संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। भ्रमण कार्यक्रम में विद्यालय की व्याख्याता दिव्या कुजूर, रुक्मणी पुरैना, उमाशंकर टोंडें सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story