कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया धन प्रबंधन, बचत का महत्व

WhatsApp Channel Join Now
कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया धन प्रबंधन, बचत का महत्व


धमतरी, 20 जुलाई (हि.स.)।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं प्रथम अरोड़ा इंस्टीट्यूट कालेज प्रबंधन के सहयोग से कुरूद स्थित प्रथम अरोड़ा इंस्टीट्यूट में सोमवार को वित्तीय साक्षरता विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला का संचालन एंजल वन के अधिकृत प्रतिनिधि एवं वित्तीय प्रशिक्षक पंकज कुशवाहा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को धन प्रबंधन, बचत की आदत, निवेश के मूल सिद्धांत, चक्रवृद्धि की शक्ति, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, वित्तीय अनुशासन तथा भविष्य की वित्तीय योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की सरल, व्यवहारिक एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कम उम्र से ही सही वित्तीय निर्णय लेने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। प्रश्नोत्तर, वास्तविक जीवन के उदाहरणों तथा इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से आयोजित सत्र ने विद्यार्थियों को अंत तक जोड़े रखा। विद्यार्थियों ने कार्यशाला का भरपूर आनंद लिया और इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वित्तीय प्रशिक्षक पंकज कुशवाहा ने कहा कि आज के समय में वित्तीय साक्षरता केवल एक विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक आवश्यक जीवन कौशल है। यदि युवाओं को सही समय पर धन प्रबंधन और निवेश की समझ मिल जाए, तो वे अपने भविष्य को आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित और समृद्ध बना सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई विद्यालय, महाविद्यालय, शासकीय या निजी संस्था अथवा सामाजिक संगठन अपने यहां निश्शुल्क वित्तीय साक्षरता कार्यशाला आयोजित कराना चाहता है, तो उनसे संपर्क कर सकते है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story