विज्ञान संगोष्ठी में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
जगदलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर के मार्गदर्शन में जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में आज शक्रवार काे सम्पन्न हुआ। इस वर्ष का विषय “ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाएं एवं चुनौतियां” रहा।
विकासखंड स्तर से चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों पर वैज्ञानिक प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में अंजली ध्रुव, कन्या शाला क्रमांक-2 जगदलपुर ने प्रथम तथा लक्ष्य शर्मा, जगतु माहरा विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन पर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा चुनौतियां वर्तमान का महत्वपूर्ण विषय हैं और विद्यार्थियों का वैज्ञानिक चिंतन भविष्य के समाधान की दिशा में पहल है। प्राचार्य बी.एस. रामकुमार ने प्रतिभागियों को बधाई दी। निर्णायक के रूप में जय नारायण पाणिग्रही, शुभ्रा कुंडू, हेमंत पाणिग्राही, सचिन करेकर, मुकेश कुमार व प्रभारी दीप्ति ठाकुर रहे। संचालन मनीष अहीर और आभार प्रदर्शन विकास कुमार साहू ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

