छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई की गुणवत्ता व पैसे लेकर नकल कराने की जांच को लेकर किया प्रदर्शन
कोंडागांव, 08 सितंबर (हि.स.)। कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के हीरापुर हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार, 8 सितंबर को नियमित छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई, परीक्षा व्यवस्था और विद्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर कुछ समय के लिए सड़क जाम भी किया।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में 10वीं और 12वीं के ओपन स्कूल परीक्षार्थियों से कथित तौर पर पैसे लिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों ने परीक्षा के दौरान गलत तरीके से नकल कराने के आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
छात्रों का कहना है कि वे पूरे साल नियमित रूप से स्कूल आते हैं और परीक्षा की तैयारी के लिए मेहनत करते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी होती है या अनुचित साधनों के जरिए किसी परीक्षार्थी को अधिक अंक मिलते हैं, तो इसका असर नियमित छात्रों के परिणाम और भविष्य के अवसरों पर पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई की गुणवत्ता को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने निजी स्कूलों के छात्रों से तुलना करते हुए कहा कि वहां के विद्यार्थी अंग्रेजी में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि उन्हें पर्याप्त शैक्षणिक सुविधा नहीं मिल रही। हालांकि छात्रों की ओर से कही गई शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी कुछ बातों की पुष्टि नहीं हुई है। विद्यार्थियों ने कहा कि अंक और प्रतिशत उच्च शिक्षा में प्रवेश, छात्रवृत्ति, नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में परीक्षा व्यवस्था पारदर्शी और निष्पक्ष होना जरूरी है। उनका आरोप है कि उनकी समस्याओं को लगातार नजर अंदाज किया जा रहा था, इसलिए उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान और माकड़ी के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा है कि जांच के दौरान किसी भी नियमित छात्र का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार ओपन स्कूल परीक्षा की व्यवस्था के लिए बीईओ और बीआरसी स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। यदि जांच में नकल या किसी अन्य अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

