धमतरी : 13 विद्यार्थियों को फेल करने के विरोध में पालिटेक्निक कालेज रूद्री के गेट पर छात्रों का प्रदर्शन
धमतरी, 18 अगस्त (हि.स.)। भोपाल राव पवार शासकीय पालिटेक्निक रुद्री धमतरी में सिविल इंजीनियरिंग छठवें सेमेस्टर के 13 विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा में फेल किए जाने का मामला अब विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गया है। परीक्षा परिणाम में अनियमितता का आरोप लगाते हुए 18 अगस्त को विद्यार्थियों ने संस्था परिसर के मुख्य गेट के सामने बैठकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने प्रायोगिक परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
विद्यार्थी राकेश साहू, हिमांशु साहू, दीपांशु ध्रुव एवं अमन साहू ने बताया कि छठवें सेमेस्टर में कुल 32 विद्यार्थी थे। इनमें से 13 विद्यार्थियों को प्रायोगिक, प्रयोगशाला और प्रमुख परियोजना में अनुत्तीर्ण किया गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षा में हिस्सा लिया था और संबंधित प्रोजेक्ट व फाइल भी जमा किया था। इसके बावजूद उन्हें फेल कर दिया गया। विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि, परीक्षा से पहले संबंधित प्रभारी शिक्षक ने उन्हें फेल करने की धमकी दिया था। उनका आरोप है कि व्यक्तिगत रंजिश के चलते 13 विद्यार्थियों को जानबूझकर अनुत्तीर्ण किया गया है। विद्यार्थियों ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने शिक्षक, विभागाध्यक्ष और प्राचार्य से मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विद्यार्थियों का कहना है कि प्रायोगिक परीक्षा में फेल होने से उनका एक वर्ष प्रभावित हो सकता है। ऐसे में उन्होंने मांग की कि परीक्षा की उत्तर पुस्तिका, प्रोजेक्ट फाइल, मौखिक परीक्षा के अंक और प्रमुख परियोजना का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन कराया जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की जांच के लिए स्वतंत्र समिति गठित कर दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। मालूम हो मंगलवार को विद्यार्थियों ने संस्था के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर प्रायोगिक परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। प्राचार्य की गैरमौजूदगी में विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। संस्था से मिली जानकारी के अनुसार प्राचार्य प्रशिक्षण में गए हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

