शिवरीनारायण में विद्यार्थियों ने किए भगवान के दर्शन, मठ में मिला जगन्नाथ प्रसाद
जांजगीर चांपा, 16 मार्च (हि. स.)। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल अभनपुर, जिला रायपुर के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ आज सोमवार को शिवरीनारायण पहुंचकर भगवान शिवरीनारायण के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने नगर भ्रमण भी किया और शिवरीनारायण मठ में भगवान जगन्नाथ जी का प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर शिवरीनारायण मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि अभनपुर श्री दूधाधारी मठ रायपुर का गांव है, जहां भगवान श्री बालाजी का प्रसिद्ध मंदिर स्थित है। यहां आए विद्यार्थियों को भगवान जगन्नाथ जी का भोजन प्रसाद भी प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि “जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ” कहावत इसी प्रसाद की महिमा को दर्शाती है।
महन्त रामसुन्दर दास ने स्कूल की प्राचार्य त्रिपाठी और स्टाफ काे साल एवं भगवान शिवरीनारायण का तैल चित्र भेंट कर सम्मान भी किया। प्राचार्य त्रिपाठी ने शिवरीनारायण मठ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों और स्टाफ का जो सम्मान किया गया है, वह हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण एक पवित्र स्थल है, जहां सभी को आध्यात्मिक शांति और पुण्य लाभ की अनुभूति हुई। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने महानदी के त्रिवेणी संगम का भी दर्शन किया और खरौद नगर पहुंचकर भगवान लक्ष्मेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन किए।
इस अवसर पर सुखराम दास जी, त्यागी जी महाराज, टुक राम वर्मा, पुरेंद्र सोनी, गणेश नेताम, हर्ष दुबे, खगेश वर्मा, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

