विद्यार्थियों ने राखियां एवं देश की पावन मिट्टी, भारतीय सैनिकों तक पहुंचाने के लिए सौंपी
काेंडागांव, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के शासकीय माध्यमिक शाला ब्लॉक कॉलोनी (अंग्रेजी माध्यम), कोंडागांव के विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र अभियान 2026 के तहत भारतीय सेना के वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का अनूठा संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कीं और देश की पावन मिट्टी एकत्र कर स्काउट-गाइड पदाधिकारी दीपमाला वैष्णव को आज बुधवार काे भारतीय सैनिकों तक पहुंचाने के लिए सौंपी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के त्याग, समर्पण और बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। राखियों और मातृभूमि की मिट्टी के माध्यम से उन्होंने जवानों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सैनिकों के योगदान का महत्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। अंत में दीपमाला वैष्णव ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और देशभक्ति की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि उनके द्वारा तैयार की गई राखियां एवं पावन मिट्टी भारतीय सेना के जवानों तक अवश्य पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

