शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों काे दी गई वाहनों की तकनीक जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों काे दी गई वाहनों की तकनीक जानकारी


शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों काे दी गई वाहनों की तकनीक जानकारी


जगदलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करीतगांव में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार काे एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत करीतगांव एवं गुमडेल में आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल वाहनों की तकनीक, विभिन्न पुर्जों और उनकी कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

संस्था की प्राचार्य मोनिता पाणिग्राही ने विद्यार्थियों को भ्रमण के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से प्राप्त तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी सहायक होंगे।

भ्रमण के दौरान ऑटो सेंटर के प्रशिक्षक गुप्ते पाणिग्राही ने विद्यार्थियों को मोटरसाइकिल के इंजन, बैटरी, ब्रेक, क्लच, एक्सीलेटर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पुर्जों की जानकारी दी। उन्होंने इनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली को समझाने के साथ वाहन के नियमित रखरखाव, सामान्य तकनीकी खराबियों की पहचान और उनके समाधान के तरीके भी बताए।

इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव देना तथा उनमें तकनीकी दक्षता और वाहन सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने भी वाहनों के विभिन्न हिस्सों का उत्साहपूर्वक निरीक्षण किया और ऑटोमोबाइल तकनीक से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

यह पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को समझने की दिशा में उपयोगी साबित हुई। भ्रमण को सफल बनाने में व्यावसायिक शिक्षक लोकेश्वर निषाद एवं संस्था के प्रमुख शिक्षकों का भी सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story