छिंदबहार स्कूल के छात्रों एवं शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपी राहत राशि

WhatsApp Channel Join Now
छिंदबहार स्कूल के छात्रों एवं शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपी राहत राशि


जगदलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग में हाल ही में आई सदी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा के बीच मानवीय संवेदना और सामाजिक एकजुटता की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। बस्तर में आई भीषण बाढ़ ने पिछले 50 वर्षों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इस जलप्रलय से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और निचले इलाकों में भारी तबाही मची है।

आपदा की इस विषम परिस्थिति में प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दरभा विकास खंड के ग्राम छिंदबहार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। स्कूल के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान पहुंचकर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात की और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपनी ओर से 5,001 रुपये की आर्थिक सहायता राशि सौंपी।

संकट की इस घड़ी में एक ग्रामीण सरकारी स्कूल के बच्चों और शिक्षकों द्वारा की गई इस पहल की कलेक्टर ने प्रशंसा की, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story