करैत सांप के डसने से आठवीं के छात्र की मौत, जमीन पर सोते समय हुआ हादसा

WhatsApp Channel Join Now
करैत सांप के डसने से आठवीं के छात्र की मौत, जमीन पर सोते समय हुआ हादसा


धमतरी, 02 सितंबर (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम अटंग में जहरीले करैत सांप के डसने से कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अटंग निवासी गिरिराज बया पुत्र शिवशंकर एक सितंबर की रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद जमीन पर सो गया था। देर रात करीब दो बजे अचानक गिरिराज ने अपने पिता को जगाया और सांप के काटने की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल कमरे की लाइट जलाकर देखा तो बिस्तर के पास एक जहरीला करैत सांप मौजूद था। छात्र की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम की अचानक मौत से परिवार सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story