भिलाई रेलवे स्टेशन पर आंधी से उड़ी कुर्सी रेल की पटरी पर गिरी, टली दुर्घटना
भिलाई/रायपुर, 18 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर शाम तेज आंधी के कारण उड़कर एक प्लास्टिक की कुर्सी सीधे रेल की पटरी पर आ गिरी। कुर्सी तेज आंधी की वजह से रेलवे ट्रैक पर जा गिरी और उसी दौरान वहां से गुजर रही झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर ट्रेन के इंजन की जाली में यह कुर्सी फंस गई।
प्लेटफॉर्म पर रखी यह लोहे/प्लास्टिक की तीन सीटों वाली चेयर कंक्रीट से स्थायी रूप से फिक्स (जाम) नहीं थी। इसी वजह से तेज हवाओं के थपेड़े नहीं झेल सकी और उड़कर ट्रैक पर चली गई।
पैसेंजर ट्रेन के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए। समय रहते ट्रेन रुक जाने से एक बड़ा रेल हादसा टल गया । स्टेशन में उक्त ट्रेन का स्टापेज होने की वजह से रफ्तार कम थी इससे बड़ा हादसा टल गया।
रायपुर मंडल के डीआरएम दयानंद ने आज बताया कि भिलाई-3 स्टेशन की घटना बुधवार देर शाम तेज आंधी के कारण हुई। उन्होंने बताया कि इस घटना से सबक लेते हुए सभी स्टेशनों पर रखी कुर्सियों को स्थायी रूप से कंक्रीट में फिक्स करने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम और तेज आंधी के बीच स्टेशन के फुटओवर ब्रिज के पास प्लेटफार्म क्रमांक-2 पर पोल क्रमांक 3-4 के बीच यात्रियों के बैठने के लिए रखे गए स्टील चेयर सेट में से एक कुर्सी उड़कर अप लाइन पर जा गिरी। यह चेयर प्लेटफार्म पर स्थायी रूप से कांक्रीट में फिक्स नहीं थी। इसी दौरान झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर पहुंच रही थी। भिलाई-3 में निर्धारित स्टापेज होने के कारण ट्रेन की गति धीमी हो गई थी। घटना के समय मौजूद स्टाफ ने ट्रेन चालक को सतर्क किया।
चालक ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को और नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कुर्सी इंजन के अगले हिस्से की जाली में बुरी तरह फंस गई। ट्रेन को प्लेटफार्म पर लगभग 100 मीटर पहले ही रूक गई।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों, स्टेशन मास्टर और अन्य स्टाफ ने मिलकर इंजन में फंसी कुर्सी को बाहर निकाला। इस दौरान ट्रेन करीब 10 से 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। सुरक्षा जांच और ट्रैक निरीक्षण के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

