वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग काे लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग काे लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल


जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स हड़ताल पर बैठ गए हैं। जगदलपुर में भी नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की हड़ताल गुरूवार काे भी जारी रहा। नर्सिंग ऑफिसर्स का कहना है कि फिलहाल तीन दिनों तक आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो रायपुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

इससे आने वाले दिनों में अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर और असर पड़ने की आशंका है। जगदलपुर में नियमित नर्सिंग स्टाफ के आंदोलन में शामिल होने से हड़ताल के दूसरे दिन गुरूवार काे अस्पतालों में मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी प्रशिक्षित स्टाफ नर्सों और संविदा नर्सों के भरोसे चल रही है।

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग पिछले 14 सालों से ग्रेड-पे और वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। एसोसिएशन के अनुसार, साल 2018 में आंदोलन के बाद एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने सितंबर 2018 में अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी थी, लेकिन 30 जून 2021 को इस रिपोर्ट को अमान्य कर दिया गया। इसके बाद साल 2023 में भी नर्सिंग स्टाफ ने आंदोलन किया था। एसोसिएशन का आरोप है कि उस दौरान कई कर्मचारियों को निलंबित और बर्खास्त किया गया। उनका वेतन भी रोक दिया गया, लेकिन मूल मांगों का समाधान नहीं हुआ।

एसोसिएशन के सचिव जयंती पाटकर ने बताया कि लंबे समय से शासन के सामने मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ है। एसोसिएशन की सबसे प्रमुख मांग ग्रेड-पे को 2800 रुपए से बढ़ाकर 4800 रुपए करना है। इसके अलावा 30 जनवरी 2026 को ग्रेड-पे बढ़ाने के संबंध में तैयार प्रस्ताव, भत्तों, संविदा, एनएचएम और डेली वेजेस से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देने की मांग की गई है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष पूर्णिमा करम के अनुसार मांगों को लेकर प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story