कोरबा में आवारा मवेशियों पर सख्ती, मालिकों से वसूला जाएगा जुर्माना: कलेक्टर कुणाल दुदावत

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में आवारा मवेशियों पर सख्ती, मालिकों से वसूला जाएगा जुर्माना: कलेक्टर कुणाल दुदावत


कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा (टीएल) बैठक में मंगलवार को जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को पकड़ने के साथ उनके मालिकों से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के सींग और गले में रेडियम पट्टी लगाने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने, कार्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करने और ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों के संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन को प्राथमिकता देते हुए एकल खाताधारक किसानों की प्रविष्टि 15 अगस्त तक पूर्ण करने को कहा।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्कूलों में पुस्तक स्कैनिंग कार्य में तेजी लाने, साइकिल एवं गणवेश वितरण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायतों पर लापरवाही बरतने वाले प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने और जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि जिन योजनाओं में नल से नियमित पानी की आपूर्ति होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूरे करने और ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story