जांजगीर-चांपा में राजस्व कार्यों पर सख्ती: कलेक्टर ने लंबित प्रकरण जल्द निपटाने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में राजस्व कार्यों पर सख्ती: कलेक्टर ने लंबित प्रकरण जल्द निपटाने दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 23 मार्च (हि.स.)।जिले में राजस्व कार्यों की गति तेज करने और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी मामलों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पटवारी, राजस्व निरीक्षक सहित सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने के निर्देश दिए। बिना अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आम जनता को समय पर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जिले में राजस्व कार्यों में सुधार लाने और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में 9 मार्च से 30 मार्च 2026 तक राजस्व पखवाड़ा और जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाले सभी प्रकरणों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आरबीसी 6-4, त्रुटि सुधार, नक्शा बंटाकन और रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण जैसे लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने और त्रुटियों को शीघ्र सुधारने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर के तंबोली सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story