नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता का संदेश


बलरामपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान की ‘नमो सेवा- अनकही कहानियां’ पहल के तहत गांव-गांव तक सेवा, जनकल्याण और बदलाव की कहानियां नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पहुंचाई जा रही हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम बचवार में भारत पेट्रोलियम पंप परिसर के पास अरुण प्रताप सिंह देव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने अभिनय के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का संदेश दिया। रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े प्रसंगों और सरल संवादों के जरिए प्रस्तुत किए गए नाटक ने राहगीरों और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

नुक्कड़ नाटक के मंचन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने सेवा संकल्प अभियान की अवधि में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story